आलीराजपुर जिले के लोडनी गांव में शुक्रवार दोपहर 1.30 बजे गोली के छर्रे लगने से आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सात को जिला अस्पताल से इंदौर के एमवाय हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया है।
.
सोंडवा थाना पुलिस के मुताबिक, गांव में नाहर सिंह नाम के एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। आदिवासी रीति रिवाज के अनुसार यहां अतिम संस्कार के समय बंदूक चलाने की प्रथा है।
इस परंपरा के तहत गांव का सरपंच नान सिंह बंदूक लोड कर रहा था, तभी अचानक उससे जमीन पर बंदूक चल गई, जिससे अंतिम यात्रा में शामिल 8 लोगों को छर्रे जा लगे।
सभी घायलों को उमराली स्वास्थ केंद्र ले जाया गया। वहां स्वास्थ्य केंद्र पर ताला लगा होने से घायलों को बाइक और अन्य साधनों से जिला अस्पताल भेजा गया।
वहां प्राथमिक उपचार कर 7 लोगों को इंदौर रेफर कर दिया गया। एक 8 साल के बालक को पैर में छर्रा लगा है, लेकिन परिजन इलाज कराकर घर ले गए।
गोली का छर्रा लगने से एक बच्चा भी घायल हुआ है।
हादसे में घायल व्यक्ति।
खबर लगते ही नेता और अधिकारी पहुंचे
खबर मिलते ही पूर्व विधायक मुकेश पटेल, भाजपा विधायक प्रतिनिधि दिलीप चौहान व जयस के अध्यक्ष अरविद कनेश जिला अस्पताल पहुंचे। सभी ने एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायलों को इंदौर भिजवाया। सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल दलबल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे।
जयस अध्यक्ष ने जताई नाराजगी
जयस के जिला अध्यक्ष अरविन कनेश ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि इतनी बड़ी घटना करने के बाद भी जिले का कोई बड़ा अधिकारी नहीं पहुंचा। उमराली स्वास्थ्य केंद्र बंद होने से उन्हें अपने वाहन से जिला अस्पताल जाना पड़ा।
इतनी बड़ी घटना होने पर एंबुलेंस जैसी व्यवस्था नहीं हो पाना जिला प्रशासन के लिए बहुत ही शर्म की बात है। दो से ढाई घंटे इंतजार करने के बाद उन्हें इस अवस्था में इंदौर रेफर किया गया, अगर कोई अनहोनी घटना घटती है तो इसका जिम्मेदार कौन होगा। एंबुलेंस से रेफर भी जनप्रतिनिधि वी जयस के सामाजिक कार्यकर्ताओं के पहुंचने के बाद किया जाना इससे प्रशासन की बहुत बड़ी लापरवाही दिखाई देती है।
घायलों के नाम
- प्रेम- प्रकाश उम्र 9 वर्ष निवासी लोड़नी
- रणछोड़ -रिछड़िया 65 वर्ष निवासी मुंडला
- झूंगला- कमलिया 45 वर्ष निवासी लोडनी
- सुनील हरदास 17 वर्ष निवासी लोडनी
- रोहित- रिस्तम 22 वर्ष निवासी लोडनी
- राकेश -माधू सिंह 35 वर्ष निवासी बेजडा,
- ओमप्रकाश – भुषला 23 वर्ष निवासी बेजडा
- भांगड़िया – इच्छा 26 वर्ष निवासी लोडनी