लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार शाम भोलाराम उस्ताद मार्ग पर सॉन्ग और पोस्टर लॉन्च किया। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया ने सॉन्ग की औपचारिक लॉन्चिंग की। सॉन्ग की लाइन है- ‘यह छात्रों की गूंज है, हम चुप नहीं बैठेंगे।’ सॉन्ग लॉन्च के बाद इसे लाइव म्यूजिक के साथ बजाया गया। गाना शुरू होते ही कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थी और युवा उत्साह में झूमते नजर आए। इसके बाद छात्रों के साथ संवाद भी किया गया। आयोजकों के मुताबिक छात्रों ने राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर समर्थन जताया और कई युवाओं ने अपने रजिस्ट्रेशन भी दिखाए। जिन छात्रों ने पंजीयन नहीं कराया था, उनमें से कुछ ने मौके पर ही रजिस्ट्रेशन कराया। पोस्टर लॉन्च के बाद आतिशबाजी कार्यक्रम में लाइव म्यूजिक के बीच राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के पोस्टर का भी लॉन्च किया गया। पोस्टर और सॉन्ग लॉन्च के दौरान युवाओं ने उत्साह जताया। कार्यक्रम के बाद आतिशबाजी भी की गई। आयोजन में दिल्ली से आए राहुल गांधी की टीम के सदस्य मनोज त्यागी और सुशांत के अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव एवं इंदौर प्रभारी उषा नायडू भी मौजूद रहीं। कांग्रेस की ओर से यह आयोजन 19 सितंबर के कार्यक्रम के लिए युवाओं तक पहुंच बनाने और उन्हें जोड़ने की कवायद के तहत किया गया।




