औरंगाबाद में करंट से एक वृद्ध की मौत हो गई। पत्नी और नतिनी गंभीर रूप से झुलस गई। मृतक मेंह निवासी सीताराम (70) है। इनकी पत्नी उत्तम देवी (65) और नतिनी अमृता कुमारी (15) का सदर अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।
.
बताया जा रहा कि घर के बाहर खेत है। जानवरों से फसलों को बचाने के लिए खेत की कटीले तार से घेराबंदी की गई थी। बारिश के बाद हाईटेंशन तार टूटकर कटीले तार पर गिरा हुआ था। खेत में गई मृतक की पत्नी उत्तम देवी कटीले तार में फंस गई और उन्हें करंट लग गया। बचाने आई नतिनी अमृता आई, वो भी करंट की चपेट में आ गई। नतिनी और पत्नी को बचाने आए सीताराम भी पहुंचे और उन्हें भी करंट लग गया।
घटना नरारी कला खुर्द थानाक्षेत्र के मेह गांव की है।
घटना के बाद सदर अस्पताल में लगी भीड़।
आसपास के लोगों ने कटवाया कनेक्शन
आसपास मौजूद अन्य लोगों ने जब तीनों को झुलसते देखा तो किसी तरह कनेक्शन कटवाया। आनन-फानन में इलाज के लिए सामुदायिक अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने सीताराम को देखते ही मृत घोषित कर दिया।
सामुदायिक अस्पताल में करंट की चपेट में आकर वृद्ध व्यक्ति की मौत की सूचना पर बारुण थाना की पुलिस वहां पहुंची। शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया में जुट गई। थानाध्यक्ष राम इकबाल यादव ने बताया कि करंट से एक वृद्ध व्यक्ति की मौत हो गई है। उसकी पत्नी और नतिनी जख्मी हुईं हैं। दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।
सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि मृतक सीताराम की 3 बेटियां और 2 बेटे हैं। सब की शादी हो चुकी है। नतिनी अमृता अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करती थी। वह 10वीं की छात्रा है।