छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में वैवाहिक कार्यक्रम से लौट रही पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 2 महिलाओं और एक पुरूष की मौत हो गई, वहीं 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घटना जिले के बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र के भूमका दीगानार के पास हुई।
.
हादसा शनिवार रात लगभग 10 बजे की बताई जा रही है। पिकअप में 25 लोग सवार थे। जानकारी के मुताबिक वाहन में ज्यादातर महिलाएं सवार थीं, जो एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे।
हादसे के बाद सड़क पर पड़े लोग, घायलों को जिला अस्पताल लाया गया है।
अनकंट्रोल होकर खेत में पलटी पिकअप
रास्ते में अचानक वाहन की गति अनियंत्रित हो गई और चालक के नियंत्रण से बाहर होकर खेत में जा गिरा। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को निजी वाहनों की मदद से फरसगांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
हादसे में घायल लोगों का इलाज करते डॉक्टर।
घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल कोंडागांव रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ेडोंगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक मृतक की नहीं हुई पहचान
हादसे में मंगली बाई (60 वर्ष) और बुधीयारीन नेताम (70 वर्ष) ने दम तोड़ दिया। वहीं एक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। मृतक पोट पारा बोरई के रहने वाले हैं। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
प्रशासन की ओर से घायलों को हर संभव चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है, वहीं वाहन चालक की स्थिति और पहचान को लेकर भी जांच जारी है। इस हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है। अस्पताल पहुंचे परिजन और ग्रामीण घटना से स्तब्ध है।