हरियाणा के नारनौल में क्रेडिट कार्ड पर अवॉर्ड देने के नाम पर साइबर ठगों ने एक युवक से 96 हजार रुपए का फ्राड कर लिया। इस बारे में पीड़ित ने साइबर थाना में शिकायत दी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
.
पुलिस को दी गई शिकायत में महेंद्रगढ़ की रेलवे रोड नजदीक कोआपरेटिव बैंक निवासी दीपक गोयल ने बताया कि उसने कोटक महेंद्रा बैंक का क्रेडिट कार्ड बनवाया हुआ है। इसको वह दो साल से यूज कर रहा है। बीते दिनों उसके पास मैसेज आया कि उसके क्रेडिट कार्ड पर अवॉर्ड मिल रहा है। इसके बाद उसने इस बारे में विस्तार से बताया। थोड़ी देर बाद उसके वॉट्सऐप पर एक मोबाइल नंबर से दो यूआरएल लिंक आए। उनके कहे अनुसार उसने दोनों लिंक को अपडेट कर दिया।
अपडेट करते ही कट गए रुपए
अपडेट करते ही उसके क्रेडिट कार्ड से 96349 रुपए कट गए। बाद में उसे पता चला कि उसके साथ फ्राड हुआ है। इसके बाद उसने अपनी शिकायत आनलाइन साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज कराई। जिसके बाद साइबर थाने में जाकर उसने अपने बयान दिए। बयान लिखने के बाद साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।