आरोपी सुखविंदर सिंह की फाइल फोटो।
खन्ना में एक ट्रैवल एजेंट ने अपने सुरक्षा गार्ड से 12 लाख रुपए की धोखाधड़ी की है। आरोपी सुखविंदर सिंह लाडी ने गनमैन की पत्नी को कनाडा में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
.
पीड़िता मधु बाला, एएसआई गुरविंदर कुमार की पत्नी हैं। उन्होंने बताया कि 2023 में सुखविंदर सिंह ने उन्हें कनाडा में केयरटेकर की नौकरी का प्रस्ताव दिया। आरोपी ने वीजा के लिए पासपोर्ट और दस्तावेजों के साथ 12 लाख रुपए मांगे।
गुरविंदर कुमार ने 6 लाख रुपए अपने बैंक खाते से ऑनलाइन ट्रांसफर किए। 4 लाख रुपए वरिंदर कुमार से उधार लिए गए। बाद में 2 लाख रुपए और दिए गए। आरोपी ने वर्क परमिट की जगह विजिटर वीजा और नकली एयर टिकट दी।
हाईकोर्ट के आदेश पर मिले थे गनमैन जांच में पता चला कि सुखविंदर सिंह पहले से कई धोखाधड़ी के मामलों में नामजद है। कुछ समय पहले उसने हाईकोर्ट से सुरक्षा मांगी थी। तब एएसआई गुरविंदर कुमार उसके गनमैन बने थे। इसी दौरान दोनों की जान-पहचान हुई और आरोपी ने विश्वास का फायदा उठाया।
पुलिस ने सिटी थाना खन्ना में मधु बाला की शिकायत पर आरोपी सुखविंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी बघौर गांव का रहने वाला है।