जीविका दीदियों से संवाद करने पहुंचे मुख्य सचिव, कहा- महिलाएं बिहार की ताकत हैं
.
गया में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर चल रहे महिला संवाद यात्रा कार्यक्रम के तहत मंगलवार को नगर प्रखंड के रसलपुर पंचायत स्थित डुमरी गांव में सरकार के आला अधिकारी पहुंचे। कार्यक्रम में मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, मगध प्रमंडल आयुक्त डॉ. सफीना एएन., और डीएम डॉ. त्याग राजन एसएम शामिल हुए। अधिकारियों ने जीविका दीदियों से सीधा संवाद किया और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्य सचिव ने कहा कि बिहार देश का पहला राज्य है जिसने पंचायती राज संस्थाओं और सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 50% आरक्षण दिया। उन्होंने जीविका समूह की महिलाओं से उनकी समस्याएं जानीं और भरोसा दिलाया कि हर कठिनाई का समाधान सरकार करेगी। साथ ही यह भी कहा कि महिलाएं राज्य की असली ताकत हैं और उन्हें और मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
महिलाओं से अपील, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ें
मगध आयुक्त डॉ. सफीना ने महिलाओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ें और सरकारी योजनाओं का लाभ लें। डीएम डॉ. त्याग राजन ने बताया कि जिले के हर प्रखंड में महिला संवाद यात्रा चलाई जा रही है, ताकि महिलाओं तक सीधे सरकार की बातें पहुंच सकें।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त नवीन कुमार, एडीएम परितोष कुमार, एसडीओ कृषलय श्रीवास्तव, जीविका डीपीएम, बीडीओ, सीओ सहित जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. जितेंद्र कुमार भी मौजूद रहे। सैकड़ों की संख्या में जीविका दीदियां इस संवाद का हिस्सा बनीं।