.
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में भीमपुर अंतर्गत नवांकुर संस्था ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति घोघरा ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जागरुकता रैली का आयोजन किया। इस रैली में स्कूली बच्चों ने हिस्सा लेकर जल है तो कल है, पानी बचाओ जीवन बचाओ जैसे नारे लगाकर गांव में लोगों को जल संरक्षण का महत्व समझाया।
रैली ग्राम पंचायत घोघरा के विभिन्न गलियों और मुख्य मार्गों से होकर गुजरी, जिससे गांव के हर हिस्से में जागरूकता का संदेश पहुंचाया गया। सरपंच एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष रामकिशोर धुर्वे ने बताया रैली का उद्देश्य ग्रामीणों को जल की उपलब्धता, उसका संरक्षण और भविष्य के लिए पानी बचाने के उपायों के प्रति जागरूक करना था। ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने घरों में जल का दुरुपयोग न करें और वर्षा जल संचयन जैसे उपाय अपनाएं। इस रैली में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं आशा कार्यकर्ताओं सहित गांव की महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने मिलकर यह संदेश दिया कि जल संरक्षण सरकार या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं, यह हर व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है।