कटिहार में संत निरंकारी मिशन ने जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मिशन ने तिनगछिया काली मंदिर परिसर में स्थित तालाब की सफाई का काम किया। यह अभियान रविवार को सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक चला।
.
कटिहार जोन के जोनल इंचार्ज डॉ. बलराम भगत ने अभियान का नेतृत्व किया। निरंकारी मिशन के सेवादल के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मेयर उषा देवी अग्रवाल और वार्ड पार्षद प्रमोद महतो की विशेष उपस्थिति रही।
तीसरे चरण की हुई शुरुआत
अभियान संस्कृति मंत्रालय के ‘प्रोजेक्ट अमृत’ का हिस्सा है। ‘स्वच्छ जल स्वच्छ मन’ परियोजना के तीसरे चरण की शुरुआत रविवार को हुई। इस प्रोजेक्ट का लक्ष्य भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ जल और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करना है।
बाबा हरदेव सिंह जी महाराज की शिक्षाओं से प्रेरित यह अभियान निरंतर विस्तार कर रहा है। मिशन नदियों, झीलों, तालाबों, कुओं और झरनों की सफाई के साथ उनके संरक्षण पर विशेष ध्यान दे रहा है।