सीधी में जूस के पैसे मांगने पर 12 से ज्यादा लोगों ने जूस विक्रेता पर हमला कर दिया। घायल को सीधी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना 15 मार्च की रात 9 बजे परसिली गांव के चमरा डोल बैरियर तिराहे की है।
.
मझौली थाने की पुलिस के मुताबिक, शुभम तिवारी गन्ने के रस का ठेला लगाता है। उसकी दुकान पर आकर दो लोगों ने रस पिया। शुभम ने जब उनसे 40 रुपए मांगे तो वे विवाद करने लगे। वहां मौजूद लोगों ने उस समय मामला शांत करा दिया।
दोनों युवक वहां से चले गए। कुछ देर बाद वे रोशन सिंह गौड़, अखिलेश सिंह गैड़, गोलू सिंह गौड़ और बुद्धसेन सिंह गौड़ सहित 10 से 12 हमलावरों के साथ लौटे और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
करीब 5 मिनट तक चले इस हमले में शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया। गांव के मिस्टर सिंह ने उसे मझौली अस्पताल पहुंचाया। वहां से सीधी के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हमलावरों ने शुभम के पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने के कारण शुभम का परिवार दो दिन से अपने ही घर में कैद है। घटना से पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी दीपक सिंह बघेल ने बताया कि आरोपियों पर मारपीट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस जांच जारी है, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। सभी आरोपी फरार चल रहे हैं।
युवक को लाठी-डंडे, बेल्ट आदि से पीटा गया।
धारदार हथियार भी मारा गया।