भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून झारखंड के करीब पहुंच चुका है। अगले तीन दिनों में, यानी 18 जून तक इसके राज्य में प्रवेश करने की संभावना है। वर्तमान में मानसून बंगाल की खाड़ी और ओडिशा के बहुत नजदीक है। इसका असर असम और सिक्किम में पहले
.
मौसम विज्ञान केंद्र ने आज तेज हवा और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मानसून आने से पहले झारखंड के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 15 जून को राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाएं चलने और वज्रपात की संभावना जताई गई है। राजधानी रांची में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
16 जून से भारी बारिश की चेतावनी
16 जून से झारखंड के दक्षिण-पश्चिमी और निकटवर्ती मध्य क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। इस दौरान वज्रपात की भी संभावना जताई गई है, जिससे जन-धन की नुकसान से बचाव के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है।
मौसम विभाग के अनुसार, 17 जून को दक्षिण-पश्चिम झारखंड के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसे ध्यान में रखते हुए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पूर्वी झारखंड में भी इस दौरान बारिश हो सकती है, हालांकि वहां स्थिति थोड़ी हल्की रहने की उम्मीद है।
संथाल परगना के रास्ते प्रवेश करेगा मानसून
मानसून इस बार संथाल परगना के रास्ते झारखंड में प्रवेश कर रहा है। इस क्षेत्र में 16 से 18 जून तक भारी बारिश की संभावना है। इन तीन दिनों में बिजली गिरने और तेज बारिश की स्थिति बन सकती है, जिससे आमजन को सचेत रहने की सलाह दी गई है।
18 जून को झारखंड के कई जिलों में एक बार फिर भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इस दिन भी मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश होने के आसार की वजह से निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन सकती है।
20 जून तक यलो अलर्ट, कई जिलों में हुई वर्षा
मौसम विभाग ने राज्य में 20 जून तक यलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार को झारखंड के गुमला, सिमडेगा, लातेहार और लोहरदगा जिलों में हल्के दर्जे की बारिश दर्ज की गई है। इससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। रांची स्थित मौसम केंद्र के प्रमुख अभिषेक आनंद ने बताया है कि पिछले 24 घंटे के दौरान लातेहार में सबसे अधिक 10 मिलीमीटर वर्षा हुई है।
जिलों में आज इतना रह सकता है तापमान
देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम 27 डिग्री रहेगा. कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और पलामू में अधिकतम 38 और न्यूनतम 28 डिग्री रहेगा।
बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी और गुमला में अधिकतम 35 और न्यूनतम 26 डिग्री रहेगा। पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां और सिमडेगा में अधिकतम 36 और न्यूनतम 25 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।