मौसम में बदलाव से दिन के तापमान में गिरावट आई है।
डिंडौरी में पश्चिमी विक्षोभ के कारण शनिवार की दोपहर से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। आंधी-तूफान के साथ हो रही इस बेमौसम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
.
मौसम विभाग ने 7 मई तक जिले में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई है। कहीं-कहीं बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।
इन फसलों को बारिश से होगा फायदा
कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डॉक्टर गीता सिंह के अनुसार, वर्तमान बारिश सब्जी, मूंग और उड़द की खड़ी फसलों के लिए लाभदायक है। हालांकि, कटी हुई फसलों को नुकसान हो सकता है।
किसानों को सलाह दी गई है कि वे मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखें। नर्सरी में पौधों की सुरक्षा के लिए फसल अवशेष या हरे कपड़े से मलचिंग करें।
बिजली चमकने के दौरान खेतों में काम न करें और सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है।