Homeविदेशदावा-UAE ने फ्रांस से राफेल जेट की डील सस्पेंड की: टेलीग्राम...

दावा-UAE ने फ्रांस से राफेल जेट की डील सस्पेंड की: टेलीग्राम CEO डुरोव की गिरफ्तारी से नाराज; सभी मिलिट्री-तकनीक सहयोग रद्द कर सकता है


10 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
UAE ने 2021 में फ्रांस की एरोस्पेस कंपनी डसॉल्ट के साथ 80 फाइटर जेट खरीदने का सौदा किया था। इनकी डिलीवरी 2027 तक होनी थी। (फाइल) - Dainik Bhaskar

UAE ने 2021 में फ्रांस की एरोस्पेस कंपनी डसॉल्ट के साथ 80 फाइटर जेट खरीदने का सौदा किया था। इनकी डिलीवरी 2027 तक होनी थी। (फाइल)

UAE ने फ्रांस से 80 राफेल फाइटर जेट खरीदने की डील सस्पेंड कर दी है। ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, टेलीग्राम के CEO पावेल डुरोव की फ्रांस में गिरफ्तारी के बाद UAE ने यह फैसला दिया।

UAE ने 2021 में फ्रांस की एरोस्पेस कंपनी डसॉल्ट के साथ 80 फाइटर जेट खरीदने का सौदा किया था। इनकी डिलीवरी 2027 तक होनी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, अब UAE डुरोव की गिरफ्तारी की वजह से फ्रांस के साथ हर तरह के मिलिट्री और तकनीकी को-ऑपरेशन खत्म करने पर विचार कर रहा है।

दरअसल, टेलीग्राम के CEO पावेल डुरोव का जन्म रूस में हुआ था, जबकि उनके पास फ्रांस और UAE की दोहरी नागरिकता है।

कोर्ट ने डुरोव को गुरुवार तक पुलिस कस्टडी में सौंपा है। डुरोव अगर दोषी पाए जाते हैं तो उन्हें 20 साल तक की सजा हो सकती है।

डुरोव को कॉन्सुलर मदद मुहैया कराएगा UAE
इसके अलावा UAE के विदेश मंत्रालय ने डुरोव को कॉन्सुलर सहायता दिलाने के लिए भी फ्रांस के अधिकारियों से संपर्क किया है। इस मामले में अब तक फ्रांस या UAE की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

हालांकि, UAE के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को कहा था, “हम डुरोव के मामले पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं। हमारे नागरिकों की सुरक्षा और उनके हितों की रक्षा UAE के लिए सबसे जरूरी है।”

रूस बोला- डुरोव की गिरफ्तारी से फ्रांस-रूस के रिश्ते निचले स्तर पर
वहीं रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा, “डुरोव की गिरफ्तारी के बाद रूस और फ्रांस के रिश्ते सबसे निचले स्तर पर आ गए हैं। फ्रांस ने टेलीग्राम के CEO पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं, जिन्हें साबित करने के लिए उतने ही गंभीर सबूतों की भी जरूरत होगी।”

डुरोव पर टेलीग्राम पर बाल यौन शोषण सामग्री के आदान-प्रदान का जरिया, ड्रग ट्रैफिकिंग और संगठित अपराध को बढ़ावा देने का आरोप है। उन्हें सूचनाएं साझा नहीं करने के आरोप में शनिवार (24 अगस्त) को गिरफ्तार किया गया था।

फ्रांस के कानून के मुताबिक, डुरोव को 4 दिन तक हिरासत में रखा जा सकता है। इसके बाद जज डुरोव पर आरोप तय करेंगे या फिर उन्हें रिहा किया जाएगा।

रूस के जुकरबर्ग कहे जाते हैं डुरोव, 22 साल में बनाया सोशल मीडिया ऐप
रूस में जन्मे डुरोव ने अपने भाई के साथ मिलकर 2013 में टेलीग्राम की स्थापना की थी। उन्हें रूस का जुकरबर्ग भी कहा जाता है। रूसी सरकार उनसे रूसी जनता से जुड़ा डेटा मांग रही थी, जिससे परेशान होकर उन्होंने 2014 में देश छोड़ दिया था और सेंट किट्स एंड नेविस की नागरिकता हासिल कर ली थी।

शुरुआती कुछ साल में डुरोव ने कई देशों में सफर किया। उन्होंने 2017 में दुबई में अपना हेडक्वार्टर स्थापित किया। डुरोव ने 2021 में फ्रांसीसी नागरिकता हासिल की थी, हालांकि गिरफ्तारी के पहले तक UAE ही उनका ठिकाना था।

3700 किमी तक हमला कर सकता है राफेल फाइटर जेट
राफेल का निर्माण भी मिराज बनाने वाली फ्रेंच कंपनी डसॉल्ट एविएशन ने किया है। राफेल कई घातक हथियार और मिसाइल ले जाने में सक्षम, दुनिया के सबसे आधुनिक फाइटर प्लेन में से एक है। राफेल को अपनी स्पीड, हथियार ले जाने की क्षमता और आक्रमण क्षमता की वजह से जाना जाता है। ये सिंगल और डुअल सीटर दोनों विकल्पों के साथ आता है।

राफेल की मारक रेंज 3,700 किलोमीटर है। इसमें तीन तरह की मिसाइलें लगाई जा सकती हैं। हवा से हवा में मार करने वाली मीटियॉर, हवा से जमीन पर मार करने वाली स्कैल्प और हैमर मिसाइल।राफेल स्टार्ट होते ही महज एक सेकेंड में 300 मीटर ऊंचाई पर पहुंच सकता है। यानी एक ही मिनट में राफेल 18 हजार मीटर की ऊंचाई तक पहुंच जाता है।

इसका रेट ऑफ क्लाइंब चीन-पाकिस्तान के पास मौजूद आधुनिक फाइटर प्लेन्स से भी बेहतर है। राफेल एक ओमनी रोल फाइटर प्लेन है, जिसे पहाड़ पर बेहद कम जगह में भी उतार सकते हैं और समुद्र में चलते हुए युद्धपोत पर भी उतारा जा सकता है। राफेल की एक और खासियत हवा में उड़ान भरते हुए फ्यूल भरने की है। एक बार फ्यूल भरने पर यह लगातार 10 घंटे उड़ान भर सकता है।

यह खबर भी पढ़ें…

टेलीग्राम CEO के हनी ट्रैप में फंसने का शक:फ्रांस में 12 केस दर्ज थे, फिर भी यहां आए और गिरफ्तार हुए; अब गर्लफ्रेंड लापता

मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम के CEO पावेल डुरोव की गिरफ्तारी तीन दिन बाद भी रहस्य बनी हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी गिरफ्तारी के बाद से उनकी 24 साल की गर्लफ्रेंड यूलिया वाविलोवा लापता हैं। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यूलिया की वजह से ही डुरोव की गिरफ्तारी हुई है। वे डुरोव के साथ एक प्राइवेट जेट में अजरबैजान से पेरिस पहुंची थीं। पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version