दोस्त की शादी में शामिल हुए दो युवकों में नागिन डांस की फरमाइश को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि एक दोस्त ने दूसरे के पेट में चाकू मार दिया और चाकू लहराता हुआ फरार हो गया। घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हु
.
घटना जबलपुर के गुरु मोहल्ले की है। यहां रवि गौंड की शादी थी, लड़की वाले भी यहीं आए हुए थे। शादी में साहिल पटेल (21) और नीलेश पटेल (23) शामिल हुए थे। रात 11 बजे बारात लगी, लोग डांस करते हुए आगे बढ़ रहे थे कि रात 1 बजे साहिल ने डीजे वाले से अच्छा गाना लगने को कहा, तो नीलेश ने नागिन डांस लगाने का बोला। जिसका साहिल ने यह कहते हुए विरोध किया कि पहले मेरी मर्जी का गाना बजेगा। इसे लेकर दोनों में बहस हुई। हालांकि मौजूद लोगों ने मामला शांत करा दिया।
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि-
आरोपी और घायल एक ही मोहल्ले के हैं। आरोपी नीलेश सब्जी का काम करता है, जबकि साहिल प्राइवेट जाॅब करता है। आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि दोनों का पहले कभी विवाद नहीं हुआ। डीजे में डांस और मनचाहे गाने को लेकर विवाद हुआ था। जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होगा।
नीलेश पहले गायब हुआ और बाद में घटना को अंजाम दिया
नशे में धुत दोनों बारात में डांस करने लगे। कुछ देर बाद नीलेश अचानक गायब हो गया। लोग कुछ समझे घर चला गया। बारात लड़की वालों के दरवाजे पर पहुंचने वाली थी तभी नीलेश वापस आया और डीजे की आवाज तेज करने को कहने लगा। इस दौरान साहिल और नीलेश का फिर से विवाद हुआ और नीलेश ने साहिल पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू पेट में लगा और नीलेश चाकू लहराता हुआ फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने साहिल के परिजनों को सूचना दी और घायल को पाटन स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद साहिल को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।