प्रशासन की टीम जब कब्जाधारियों के पास पहुंची तो दोनों भाइयों ने खुद को आग लगा ली।
हरियाणा के भिवानी में 2 भाइयों ने पुलिस के सामने आत्मदाह की कोशिश की। सोमवार को लोहारू में नायब तहसीलदार की अगुआई में टीम हाईकोर्ट के आदेश पर जमीन से कब्जा छुड़ाने के लिए पहुंची थी। इसी दौरान दोनों भाइयों ने खुद पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली।
.
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों भाई आग लगने के बाद भागते हुए दिख रहे हैं। आसपास के लोगों ने दोनों भाइयों पर लगी आग को बुझाया। इसके बाद पुलिस की टीम दोनों को सिविल अस्पताल लेकर पहुंची। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
आत्मदाह की कोशिश की 3 तस्वीरें…
- 1. खुद को आग लगाने के बाद एक व्यक्ति पास में बनी पानी की टंकी में कूद गया
- 2. महिलाओं ने पानी की बाल्टी भरकर व्यक्ति के ऊपर डाली
- 3. आग में झुलसे व्यक्ति को महिला ने गिले कपड़े से ढका
16 साल से चल रहा विवाद लोहारू में स्टेडियम से सटी 7 एकड़ जमीन को लेकर पिछले 16 सालों से विवाद चल रहा है। एक पक्ष में धर्मबीर, अशोक व सतबीर हैं तो दूसरे पक्ष की इंद्रावती है। धर्मबीर का परिवार इस जमीन पर काफी समय से कब्जा किए हुए है और यहीं रहते हैं। इसे लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में 27 जुलाई 2009 से सुनवाई हो रही है। कोर्ट इंद्रावती के पक्ष में फैसला सुनाया था।
सोमवार को कोर्ट के आदेश पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट शेखर नरवाल और नायब तहसीलदार की अगुआई में पुलिसबल कब्जा छुड़वाने पहुंचा। इस दौरान कब्जाधारी पक्ष के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए। इनमें महिलाएं भी शामिल थीं। कब्जाधारी पक्ष के 2 भाई सतबीर और अशोक ने विरोध में खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। एक भाई पास ही पानी की ओधी (टंकी) में कूद गया। जबकि दूसरे भाई को महिलाओं ने कपड़े और मिट्टी डालकर आग बुझाई।
आग में झुलसे व्यक्ति को उठाकर अस्पताल लेकर जाते पुलिस कर्मचारी।
आरोप- बिना नोटिस कब्जा हटाने आए कब्जाधारी पक्ष के धर्मबीर ने आरोप लगाया कि प्रशासन बिना नोटिस दिए कब्जा हटाने पहुंचा था। इस मामले में 8 अप्रैल की तारीख तय थी। सतबीर (42) के 6 बच्चें हैं। इनमें एक लड़का और 5 लड़कियां हैं। उसकी 3 बेटियों की 7 अप्रैल को शादी है। दूसरा भाई अशोक (30) भी शादीशुदा है। दोनों मजदूरी करते हैं।
ये तस्वीर दोनों भाइयों के खुद को आग लगाने के बाद की है। कब्जाधारी पक्ष के लोग अधिकारी को आगे जाने से रोक रहे थे।
दोनों भाइयों को भिवानी रेफर किया SDM मनोज दलाल ने बताया कि कोर्ट के आदेशानुसार नायब तहसीलदार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। कोर्ट ने कब्जा कार्रवाई के आदेश दिए थे। इस सिलसिले में प्रशासनिक रूप से सारी व्यवस्थाएं की गई थीं। दुर्भाग्यवश, जैसे ही ड्यूटी मजिस्ट्रेट के साथ हमारी टीम पहुंची, 2 लोगों ने आत्मदाह का प्रयास किया। दोनों को भिवानी रेफर कर दिया गया है। दोनों की हालत स्थिर बताई गई है।
घटना के बाद मौके पर पुलिसबल तैनात किया गया।
SDM बोले- किसी के साथ गलत नहीं होगा SDM ने आगे कहा कि संबंधित पक्षों से बातचीत की गई है और आश्वासन दिया गया है कि उनके साथ कुछ भी गलत नहीं किया जाएगा। कानून के दायरे में ही काम होगा। भाईचारे व शांति से कानून का पालन करते हुए सभी चलें तो बेहतर है। यह भी अनुरोध किया गया है कि वे कल ऑफिस आकर संबंधित जानकारी देना चाहें तो दे सकते हैं।
एक पक्ष का कहना है कि 7 अप्रैल को उनके परिवार में शादी है। इसलिए, उन्हें कहा गया है कि शादी तक इस तरह की कार्रवाई नहीं की जाएगी।