धनबाद: भोजपुरी भाषा, साहित्य और संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भोजपुरी शारदा मंच (राष्ट्रीय) के तत्वावधान में हिंदू नव वर्ष के शुभ अवसर पर एक भव्य अंतरराष्ट्रीय काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह आयोजन गूगल मीट के माध्यम से ऑनलाइन आयोजित किया गया, जिसमें देश-विदेश के कई विद्वान कवियों और साहित्यकारों ने भाग लिया।गोष्ठी की अध्यक्षता कनाडा की डॉ. नीरा प्रसाद ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पं. जगदीश नारायण ओझा (पूर्व प्राचार्य, बक्सर) और विशेष अतिथि के रूप में साहित्यकार राघव पांडेय एवं वरिष्ठ पत्रकार ज्ञान वर्धन मिश्र उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत धनबाद के प्रसिद्ध भजन सम्राट पं. अनिल पाठक द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और दुर्गा भजन से हुई, जिसने पूरे आयोजन को आध्यात्मिक ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया। इसके बाद कवियों और साहित्यकारों ने राम नवमी, राम जन्म और नव वर्ष पर आधारित अपनी बेहतरीन काव्य रचनाओं का पाठ किया, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा।
इस अंतरराष्ट्रीय काव्य गोष्ठी में कई प्रतिष्ठित कवियों ने अपनी रचनाओं से समां बांध दिया। इनमें प्रमुख रूप से अनिल पाठक, जगदीश ओझा, पांडेय सरिता, राघव पांडेय, डॉ. रत्ना वर्मा राज, रमेश हंसमुख, रिंकू दुबे वैष्णवी, संतोष ओझा प्रभाकर, डॉ. नीरा प्रसाद, आचार्य संजय सिंह चंदन, डॉ. शैलेश सिंह शौर्य और वरिष्ठ पत्रकार उमेश तिवारी की प्रस्तुति सराही गई।
गोष्ठी का संचालन संस्था के महासचिव संतोष ओझा प्रभाकर ने कुशलता से किया। कार्यक्रम के अंत में संस्थान के संस्थापक आचार्य संजय सिंह चंदन ने सभी प्रतिभागियों को हिंदू नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं और आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।यह आयोजन भोजपुरी भाषा और संस्कृति को वैश्विक स्तर पर मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास साबित हुआ, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि भोजपुरी साहित्य और काव्य की गूंज अब अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी सुनाई देने लगी है।
