राजीव नगर थाना क्षेत्र सुनीता विनोद अपार्टमेंट के पास रहने वाले सुदिश उर्फ चुनू को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी थी। इसमें इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने एक लाइनर को झकरी महादेव गोलारोड दानापुर से गिरफ्तार किया है।
.
आरोपी का नाम अखिलेश कुमार है। आरोपी वैशाली का रहने वाला है। पुलिस की पूछताछ में बताया है कि रुपए के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी को लेकर हत्या हुई है।
वारदात में शामिल बाइक, हेलमेट, उस वक्त पहने हुए कपड़े, स्क्रीन टच मोबाइल बरामद हुए हैं। गिरफ्तारी की पुष्टि पटना पुलिस की ओर से की गई है।
घर का इकलौता चिराग बुझा
सुदिश अपने घर के इकलौते चिराग थे। अप्रैल में उनकी एनिवर्सरी थी। घटना वाले दिन भी अपने परिवार के साथ खाना खाने गए थे। अपने अपार्टमेंट के पास पहुंचने वाले थे, इससे पहले उन्हें गोली मार दी गई। हमलावरों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ 6 राउंड से अधिक फायरिंग कर दी थी। पत्नी सुभानी शुक्ला के आवेदन पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी।
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस के लिए पूरी तरह से यह ब्लाइंड केस था। डीएसपी दिनेश पांडेय और थानेदार अमित कुमार ने केस को सुलझा लिया। फिलहाल पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।