घटनास्थल पर रोते बिलखते परिजन।
बाढ़ अनुमंडल के पंडारक थाना क्षेत्र में लल्लू मुखिया के करीबी व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना घर से मात्र 200 मीटर की दूरी पर हुई है। मृतक व्यक्ति को 6 बदमाशों ने 4 गोली मारी है।
.
मृतक की पहचान घेरापर गांव के रहने वाले 35 वर्षीय अरुण यादव के रूप में हुई है। अरुण अपने भाई सूरजमानी कुमार के साथ खेत से घर लौट रहे थे। सूरजमानी कुछ दूर पीछे रह गए थे। इसी दौरान छह हमलावरों ने अरुण पर चार गोलियां चलाईं। मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
मृतक शख्स पर कई आपराधिक मामले हैं दर्ज
एएसपी राकेश कुमार ने बताया कि मृतक के खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें आर्म्स एक्ट और तीन हत्या के मामले शामिल हैं। वह एक चर्चित हत्याकांड में भी नामजद अभियुक्त था।
अरुण पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कर्णवीर सिंह यादव ऊर्फ लल्लू मुखिया का करीबी में से एक था। जिस मामले में लल्लू मुखिया अप्राथमिकी अभियुक्त थे, उसी मामले में इसका भी नाम था।
मौके पर लोगों की भीड़ जुटी है।
पुलिस के अनुसार हमलावर स्थानीय बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में पुराने विवाद में हत्या की आशंका जताई जा रही है। अरुण का 10 साल पहले पड़ोसी से जमीनी विवाद था। घटना की सूचना मिलते ही पांच थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ के अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया है। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।