Homeराज्य-शहरशाजापुर में मौसम का सबसे गर्म दिन: तापमान 44.2 डिग्री पर,...

शाजापुर में मौसम का सबसे गर्म दिन: तापमान 44.2 डिग्री पर, कल से थोड़ी राहत के आसार – shajapur (MP) News


शाजापुर में गुरुवार को इस मौसम का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।

.

भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुबह के वक्त से ही सन्नाटा नजर आने लगा है। सुबह 10 बजे से ही गर्मी का प्रकोप शुरू हो गया। लोगों को दिनभर कूलर और एसी का सहारा लेना पड़ा। बुधवार की शाम और रात में भी गर्म हवाओं का असर जारी रहा।

मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया के अनुसार शुक्रवार से राहत मिलने की संभावना है। धूप तो रहेगी, लेकिन बीच-बीच में बादल छाएंगे और ठंडी हवा चलेगी। 15 जून से प्री-मानसूनी गतिविधियां शुरू होने की उम्मीद है।वर्तमान में मानसून मुंबई में रुका हुआ है। शाजापुर में मानसून के 22 जून तक पहुंचने की संभावना है। इससे पहले प्री-मानसूनी गतिविधियों से मौसम में ठंडक आएगी।

भीषण गर्मी से आमजन बेहाल हैं। लोगों को बाइक चलाना भी मुश्किल हो रहा है। स्थानीय निवासी बाबूलाल वर्मा ने बताया कि तेज धूप और लू के कारण वह जब भी घर से बाहर निकलते हैं, तो मुंह पर गमछा बांधकर ही निकलते हैं। गर्मी से राहत पाने के लिए वे ठंडी चीजों का सेवन कर रहे हैं, जिसमें शिकंजी, नींबू पानी और छाछ प्रमुख हैं। वर्मा ने कहा कि इस समय शरीर को तरल पदार्थों की जरूरत ज्यादा होती है, इसलिए दिनभर में कई बार पानी पीना जरूरी हो गया है।

गर्मी से बचाव के लिए जरूरी उपाय

धूप में बाहर निकलने से बचें- दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें। यदि जरूरी हो, तो सिर ढककर, चश्मा पहनकर और छाता लेकर निकलें।

पर्याप्त पानी पीएं- रोज़ कम से कम 8-10 गिलास पानी ज़रूर पिएं। नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी और शिकंजी जैसे तरल पदार्थों का सेवन करें।

हल्के और सूती कपड़े पहनें- ढीले, हल्के रंग के और पूरी बाजू के सूती कपड़े पहनें, ताकि शरीर ढका रहे और गर्मी कम लगे।

ठंडी चीज़ों का सेवन करें- फल जैसे तरबूज, खरबूजा, खीरा, ककड़ी खाएं। गरिष्ठ और बासी भोजन से बचें।

घर में ठंडक बनाए रखें- खिड़कियों पर पर्दे लगाएं या टाट की टट्टी रखें जिसे पानी से भिगोकर ठंडी हवा पाई जा सकती है। कूलर, पंखे और एसी का सीमित लेकिन सही इस्तेमाल करें।

विशेष सावधानी बुजुर्गों और बच्चों के लिए- उन्हें धूप से दूर रखें और बार-बार पानी पिलाएं। थकावट या चक्कर आने पर तुरंत छांव में बैठाएं और पानी पिलाएं।



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version