पूर्व सीएम अखिलेश टप्पल में जनसभा को संबोधित करेंगे।
समाजवादी पार्टी के मुखिया और सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शुक्रवार को अलीगढ़ आ रहे हैं। खैर विधानसभा के उप चुनाव के लिए वह टप्पल में जनसभा को संबोधित करेंगे और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ चारूकेन के लिए वोटों की अपील करेंगे।
.
सपा की यह जनसभा टप्पल थाना क्षेत्र में कमालपुर मालन फार्म हाउस के सामने स्थित पार्क में आयोजित होगी। यहां पर वह 1 घंटे तक जनसभा को संबोधित करेंगे। अलीगढ़ में मतदाताओं को संबोधित करने के बाद अखिलेश यादव वायुमार्ग के जरिए सीधे मैनपुरी जाएंगे और वहां पर जनसभा करेंगे।
12:45 पर पहुंचेंगे अलीगढ़
पूर्व सीएम अखिलेश यादव लखनऊ से पहले आगरा पहुंचेंगे, जिसके बाद अलीगढ़ आएंगे। सुबह 11 बजे प्राइवेट वायुयान के जरिए वह अमौसी एयरपोर्ट से उड़ान भरेंगे और 11:50 पर आगरा पहुंचेंगे। आगरा में वह प्राइवेट हैलीकॉप्टर के जरिए 12:20 पर उड़ान भरेंगे और 12:45 बजे अलीगढ़ पहुंचेंगे।
अलीगढ़ के टप्पल में बनाए गए हैलीपैड पर उनका हैलीकॉप्टर उतरेगा और फिर वह कार्यक्रम स्थल से लोगों को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:45 बजे वह हैलीकॉप्टर से मैनपुरी के लिए रवाना हो जाएंगे। उनका हैलीकॉप्टर दोपहर 2:30 बजे मैनपुरी के करहल में उतरेगा और फिर वह करहल विधानसभा की जनता को संबोधित करेंगे।
करहल विधानसभा में पूर्व सीएम अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी तेज प्रताप यादव के लिए वोट मांगेंगे। यहां एक घंटे संबोधन के बाद सपा प्रमुख दोपहर 3:30 बजे प्राइवेट हैलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए उड़ान भरेंगे और शाम को 4:20 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद, रहेगी कड़ी निगरानी
पूर्व सीएम की जनसभा को देखते हुए प्रशासन ने उनके प्रोटोकॉल के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद की है। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा कर्मी मौजूद रहेंगे, जो आने जाने वालों पर नजर रखेंगे। वहीं समाजवादी पार्टी की ओर से भी विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे जनसभा को सफल बनाया जा सके।