Homeहरियाणाहांसी में नहर में मिला व्यक्ति का शव: कल रात से...

हांसी में नहर में मिला व्यक्ति का शव: कल रात से था लापता, दो बच्चों का पिता, पुलिस बोली-नशे से हादसे की आशंका – Hansi News


हिसार के हांसी में दिल्ली रोड स्थित लघु सचिवालय से आगे नहर में बुधवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिला। व्यक्ति कल शाम से घर से लापता हो गया था। परिजनों को सुबह मौत की सूचना मिली। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।

.

मृतक की पहचान गांव ढाणी पीरवाली निवासी जसवंत उम्र लगभग 46 वर्ष के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार जसवंत मंगलवार शाम लगभग 6:30 बजे घर से निकले थे, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे। बुधवार सुबह उनका शव हांसी-दिल्ली रोड पर नहर में पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर पहचान कराई।

दो बच्चों का पिता

मृतक के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा दीपक पेंट का कार्य करता है, जबकि छोटा बेटा पंकज 12वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा है। मृतक के बेटे दीपक ने कहा कि उनके पिता कल शाम 6:30 बजे घर से निकले थे और घर नहीं पहुंचे। सुबह आठ बजे उन्हें सूचना मिली कि वह यहां गिरे पड़े हैं। मृतक के भाई रामफल ने बताया कि यह कई बार रात को लेट आता था। मृतक दिहाड़ी मजदूरी करता था।

घटना की सूचना परिजनों को मिलते ही घर में कोहराम मच गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है कि यह हादसा है या इसके पीछे कोई और कारण। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है।

नहर किनारे पड़ा हुआ व्यक्ति का शव, मौके पर पुलिस मौजूद।

नशे की वजह से हादसे की आशंका

मौके पर पहुंचे शहर थाना प्रभारी सदानंद ने कहा कि उन्हें जैसे ही यहां शव मिलने की सूचना मिली, वह तुरंत अपनी टीम सहित यहां पहुंच गए। प्रथम दृष्टया यह मामला नशे की वजह से लग रहा है। फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को मौके पर बुलाया गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। परिजनों ने शव की पहचान कर ली है।



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version