पुलिस की गिरफ्त में आरोपी मंजीत सिंह।
होशियारपुर के दसूहा में जमीनी विवाद को लेकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर 2 दिन का रिमांड हासिल किया है। आरोपी ने ट्रैक्टर से कुचलकर व्यक्ति की हत्या की थी।
.
डीएसपी बलविंदर सिंह जोड़ा और थाना मुखी राजिंदर सिंह ने बताया कि 15 मई को गांव शाहपुर में जोगिंदर सिंह की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या हुई थी। आरोपी मंजीत सिंह और मृतक जोगिंदर सिंह के बीच लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था।
आरोपी ने मोटरसाइकिल समेत कुचला
घटना 15 मई की सुबह की है। जोगिंदर सिंह दवाई लेने के लिए अड्डा खोड़ा निकले थे। गांव से कुछ दूर लिंक रोड पर मंजीत सिंह ने ट्रैक्टर से उन्हें मोटरसाइकिल समेत कुचल दिया। आरोपी उन्हें घसीटता हुआ काफी दूर ले गया और ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। जोगिंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के बेटे बन्नी के बयान पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। आरोपी को पकड़ने के लिए 3 टीमें लगाई गई थीं। पुलिस ने आरोपी को दसूहा एरिया से गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल किया गया ट्रैक्टर भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।