प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आज उज्जैन समेत पूरे एमपी में दीपोत्सव मनाया जाएगा। उज्जैन में शिप्रा नदी के रामघाट, दत्त अखाड़ा घाट समेत प्रमुख घाटों और महाकाल लोक में 25 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। शाम 7 बजे रामघाट पर ‘आशीर्वाद का दीप’ प्रज्वलित कर दीपोत्सव की शुरुआत की जाएगी। इसके बाद मां शिप्रा की आरती होगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव यहां रहेंगे। दीपोत्सव में देश के अलग-अलग हिस्सों से 500 से अधिक कलाकार शामिल होंगे। कार्यक्रम में बाबा महाकाल पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, गायन, वादन, नृत्य और युवाओं के लिए भजन जैमिंग होगा। शैलेश लोढ़ा प्रधानमंत्री के कार्यकाल पर आधारित नरेशन प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम का समापन आतिशबाजी के साथ होगा। कार्तिक मेला ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशाल पोर्ट्रेट भी बनाया गया है, जिस पर जनभागीदारी से दीप रखे जाएंगे। देखिए आयोजन की तैयारी… 26 हजार वॉलंटियर्स संभालेंगे दीप जलाने की जिम्मेदारी दीपोत्सव के लिए करीब 26 हजार वॉलंटियर्स को जिम्मेदारियां दी गई हैं। इन्हें पहले से ब्लॉक और दीपों की संख्या के हिसाब से तैनात किया गया है। केदारेश्वर घाट, सुनहरी घाट, दत्त अखाड़ा, भूखी माता, महाकाल लोक और रामघाट के दो सेक्टर सहित शिप्रा तट के विभिन्न हिस्सों में एक साथ दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। उज्जैन में आज वीवीआईपी जमावड़ा दीपोत्सव के साथ उज्जैन में 17 और 18 सितंबर को वीवीआईपी कार्यक्रम भी होंगे। वीआईपी मूवमेंट और दीपोत्सव की सुरक्षा के लिए 3 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें करीब 2 हजार अतिरिक्त जवान पुलिस मुख्यालय से बुलाए गए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था के लिए करीब 450 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। नितिन नवीन का कार्यक्रम नितिन नवीन 17 सितंबर शाम 5:05 बजे उज्जैन पहुंचेंगे। शाम 6:45 बजे रामघाट पर शिप्रा आरती में शामिल होकर ‘आशीर्वाद का दीप’ प्रज्वलित करेंगे। रात 8 बजे भजन संध्या में शामिल होंगे। 18 सितंबर सुबह 4:05 बजे महाकाल मंदिर में भस्म आरती में शामिल होंगे। सुबह 9:30 बजे उज्जैन से इंदौर और 10 बजे इंदौर एयरपोर्ट से पंजाब के लिए रवाना होंगे। पुलिस ने तय की पार्किंग शिप्रा के घाटों पर दीपोत्सव के चलते करीब 25 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। पुलिस ने घाटवार रंगीन पास, पार्किंग और ड्रॉप पॉइंट तय किए हैं। बाहर से आने वाले वाहन निर्धारित बायपास मार्गों से पार्किंग तक पहुंचेंगे। दोपहर 12 बजे से जूना सोमवारिया-शंकराचार्य चौराहा-मुरलीपुरा, मोहनपुरा ब्रिज-मुरलीपुरा और लालपुल टर्निंग-कर्कराज पार्किंग-नृसिंहघाट मार्ग पर सामान्य यातायात बंद रहेगा। वाहन चालकों से निर्धारित पास लगाने और पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की गई है। मोहन भागवत भी पहुंचेंगे आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत भी उज्जैन पहुंचेंगे। वे मालीपुरा स्थित अराधना भवन जाएंगे। शाम करीब 6 बजे कोयला फाटक स्थित मनोरमा महाकाल गार्डन में संघ के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होंगे। शहर में चेकिंग और ट्रैफिक व्यवस्था कड़ी वीआईपी दौरे और दीपोत्सव को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों पर चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं। पुलिस ने सुरक्षा के साथ ट्रैफिक व्यवस्था के लिए भी अलग से इंतजाम किए हैं, ताकि दीपोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और आमजन को आवागमन में परेशानी न हो। ये खबर भी पढ़ें… उज्जैन में तीन मिनट में जलेंगे 25 लाख दीपक उज्जैन में सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर गुरुवार शाम 7 बजे शिप्रा तट पर होने वाले भव्य दीपोत्सव की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। 25 लाख से ज्यादा दीपों के दीपोत्सव में सबसे बड़ी चुनौती दीप जलाने की होगी। हर ब्लॉक में 225 दीप सजाए जाएंगे। इन्हें जलाने के लिए सिर्फ दो वॉलंटियर्स होंगे।पूरी खबर पढ़ें