कोंडागांव की डॉ. जयमती कश्यप को पीएम मोदी ने किया सम्मानित
छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र की प्रसिद्ध जनजातीय महिला कलाकार जयमती कश्यप को भोपाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय देवी अहिल्याबाई सम्मान 2024 से सम्मानित किया।
.
जयमती कश्यप कोंडागांव में महिला-बाल विकास विभाग में पर्यवेक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने कभी औपचारिक स्कूली शिक्षा नहीं ली। स्वाध्याय से ही इतिहास, राजनीति विज्ञान, हिंदी साहित्य, भूगोल, ग्रामीण विकास और समाज शास्त्र में एमए की डिग्री हासिल की। वर्तमान में वे प्राचीन इतिहास में सातवीं एमए की तैयारी कर रही हैं।
गोंडी भाषा में लिखी पुस्तक पाठ्य सामग्री में शामिल
उनकी गोंडी भाषा में लिखी पुस्तक ‘नना मुया’ का प्रकाशन राष्ट्रीय पुस्तक न्यास भारत, नई दिल्ली से हुआ है। यह पुस्तक जिले के सभी प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में पाठ्य सामग्री के रूप में उपलब्ध कराई गई है।
जयमती को मिल चुके हैं कई सम्मान
जयमती को पहले भी कई सम्मान मिल चुके हैं। 2019 में रायपुर की दो संस्थाओं ने उन्हें मणिकर्णिका सम्मान से नवाजा। महिला-बाल विकास विभाग द्वारा किशोरी-बालिका सम्मान भी प्राप्त कर चुकी हैं। वे जनजातीय विश्वविद्यालय अमरकंटक, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र नई दिल्ली समेत विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों की कार्यशालाओं में योगदान दे चुकी हैं। साहित्य अकादमी के लाइव टेलीकास्ट सेमिनार में भी उनकी भागीदारी रही है।