गोंडा2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
गोंडा जिले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट गोंडा द्वारा आज एक विशेष अभियान चलाया गया। जिसमें रेलवे परिसर के भीतर महिला कोचों, विकलांग कोचों में अनधिकृत रूप से यात्रा करने वाले तथा अनधिकृत रूप से खाद्य सामग्री बेचने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई।
यह अभियान यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और कोचों में नियमों के पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया गया। आरपीएफ के अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस अभियान के दौरान कुल 52 व्यक्तियों को रेलवे अधिनियम के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया।
इनमें 37 व्यक्ति महिला कोचों में बिना अधिकृत टिकट या अनुमति के यात्रा करते हुए पाए गए। इसके अतिरिक्त 13 लोग विकलांग यात्रियों के लिए आरक्षित कोचों में अनधिकृत रूप से यात्रा करते हुए पकड़े गए जिससे जरूरतमंद यात्रियों को असुविधा हो रही थी।
इसके साथ ही दो व्यक्तियों को ट्रेनों में अनधिकृत रूप से खाद्य सामग्री बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। गिरफ्तार किए गए सभी व्यक्तियों को रेल अधिनियम की संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर रेलवे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
आरपीएफ ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे रेल यात्रा के दौरान नियमों का पालन करें एवं अनधिकृत गतिविधियों की सूचना तुरंत सुरक्षा बल को दें।
आरपीएफ द्वारा की गई इस कार्रवाई को यात्रियों एवं रेलवे प्रशासन द्वारा सराहा गया है। यह अभियान रेलवे कोचों में सुव्यवस्थित यात्रा व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।