सिंगरौली जिले केचितरंगी रेंज के बगदरा कला जंगल में सागौन के हरे पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। मुखबिर की सूचना पर वन विभाग की टीम ने जंगल में जांच की, जहां 18 से ज्यादा कटे सागौन के पेड़ मिले। विभाग के अनुसार कटे पेड़ों की संख्या 20 से ज्यादा हो सकती है। जंगल में कटे मिले सागौन के पेड़ सूचना मिलने के बाद रेंजर रवि शेखर सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान जंगल में जगह-जगह सागौन के पेड़ कटे मिले। वन विभाग की टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और कटाई से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई। चार घरों से सागौन की लकड़ी जब्त जांच के दौरान गांव में भी कार्रवाई की गई। वन विभाग की टीम ने राबेन्द्र सिंह, अशोक सिंह, अनिल सिंह और विनोद सिंह के घरों से सागौन की लकड़ी जब्त की। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही चारों आरोपी मौके से फरार हो गए। वन विभाग उनकी तलाश कर रहा है। 2011 में लगाए गए थे सागौन के पेड़ रेंजर रवि शेखर सिंह ने बताया कि बगदरा कला क्षेत्र में वर्ष 2011 में सागौन के पौधे लगाए गए थे। वन विभाग की ओर से क्षेत्र में लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। पहले जिन लोगों का अतिक्रमण हटाया गया था, उनके घरों से भी सागौन की लकड़ी मिली थी। उस समय वन अपराध दर्ज किया गया था। वन विभाग ने ग्रामीणों पर लगाया पेड़ काटने का आरोप रेंजर के अनुसार, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से नाराज कुछ ग्रामीणों ने वन विभाग पर लकड़ी चोरी करवाने का आरोप साबित करने के लिए कथित तौर पर सागौन के हरे पेड़ काटे हैं। इस मामले में चार से अधिक लोगों के खिलाफ वन अपराध दर्ज किया गया है। कटे पेड़ों और लकड़ी की जांच जारी वन विभाग की टीम फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। इसके साथ ही जंगल में काटे गए पेड़ों की संख्या और जब्त लकड़ी की मात्रा की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।




