घटना के बाद मामले की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पेटी कांट्रैक्टर ने निर्माण कार्य की आड़ में 47.50 लाख रुपए की धोखाधड़ी की है। उसने काम में प्रोग्रेस बताकर 14 लाख नगद और 8.50 लाख चेक के जरिए रकम ले ली। वहीं स्टोर रूम में रखे करीब 25 लाख रुपए का सामान भी गायब कर दिया।
.
मामले की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है।
सेवाकुंज रोड के रहने वाले 49 वर्षीय मिथलेश कुमार पटेल ने घरघोड़ा थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह मेसर्स आर्या कंस्ट्रक्शन कंपनी में अकाउंटेंट के पद पर काम करता है।
कंपनी कई कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट्स के अलावा जल जीवन मिशन योजना के तहत घरघोड़ा और तमनार ब्लॉक में भी कार्य कर रही है, जिसका लेखाजोखा मिथलेश के जिम्मे था।
शकील अहमद को दिया गया था ठेका
ऐसे में तमनार और घरघोड़ा ब्लॉक के कुछ कंस्ट्रक्शन कार्यों की देखरेख और पेटी कांट्रैक्टर के तौर पर काम के लिए सक्ती थाना क्षेत्र के वार्ड 18, रेलवे क्रॉसिंग के पास रहने वाले शकील अहमद को 1 अक्टूबर 2023 से सभी लेबर कार्य, पेमेंट और सामान की देखरेख का ठेका दिया गया था।
इसके बाद, शकील अहमद ने कार्य प्रगति का हवाला देकर नकद और चेक के जरिए 22.50 लाख रुपए ले लिए, जिसमें उसने चेक से 8.50 लाख रुपए और 14 लाख रुपए नकद लिया।
घरघोड़ा थाना क्षेत्र में जल जीवन मिशन का काम चल रहा था
स्टोर रूम से 25 लाख का सामान गायब
इसके अलावा कोटरीमाल के स्टोर रूम में 33 टन सीमेंट, 30.93 टन स्टील, यूपीवीसी पाइप, कंपोजिट पाइप, एल्बो और अन्य निर्माण सामग्री रखी गई थी, जिसकी जिम्मेदारी शकील अहमद के पास थी।
हालांकि, जनवरी 2024 में शकील अहमद अचानक काम छोड़कर भाग गया। इसके बाद, 11 जनवरी 2024 को जब स्टोर रूम में रखे गए सामान का मिलान किया गया, तो पाया गया कि करीब 25 लाख रुपए का सामान गायब था।
हिसाब देने से किया इनकार, धमकी भी दी
इसके बाद जब अकाउंटेंट मिथलेश ने शकील अहमद से हिसाब मांगने के लिए फोन किया, तो उसने टाल-मटोल शुरू कर दी। बाद में, शकील ने मारपीट और झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी।
इससे मिथलेश को यकीन हो गया कि शकील ने सामान और नकद मिलाकर कुल 47.50 लाख रुपए की गड़बड़ी की है।
इसके बाद, मिथलेश ने घरघोड़ा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।