कैमूर के जिला अतिथि गृह भभुआ में ग्रामीण कार्य विभाग मंत्री श्रवण कुमार का कार्यकर्ताओं ने फूलमाला से स्वागत किया। मंत्री ने राहुल गांधी के बिहार दौरे पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जहां भी गए हैं, वहां एनडीए को फायदा मिला है।
.
उन्होंने कहा कि बिहार में चुनावी माहौल में कई नेता आएंगे। लेकिन उनका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। नीतीश कुमार के 20 साल के शासन में बिहार के हर क्षेत्र में विकास हुआ है। मंत्री ने दावा किया कि 2025 के चुनाव से पहले 12 लाख से अधिक लोगों को नौकरी दी जाएगी।
माला पहनाकर स्वागत करते कार्यकर्ता।
गांधी के जाने से कांग्रेस का सफाया
श्रवण कुमार ने कहा कि मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी के जाने के बाद कांग्रेस का सफाया हो गया। उन्होंने बताया कि बिहार में नीतीश कुमार ने सभी जाति-धर्म के लोगों के लिए काम किया है।
मंत्री ने बिहार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि राज्य में 10 लाख 63 हजार स्वयं सहायता समूह बनाए गए हैं। एक करोड़ 35 लाख से अधिक महिलाओं को जीविका दीदी के समूह से जोड़ा गया है। 30 हजार महिलाओं को पुलिस में भर्ती कर डीएसपी और दरोगा बनाया गया है। राज्य में महिलाओं की 55% भागीदारी देखी जा रही है।