शाजापुर में सोमवार शाम को हाई सेकेंडरी ग्राउंड पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का शारीरिक प्रधान कार्यक्रम ‘प्रकट उत्सव’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर की कई शाखाओं ने वर्ष भर की शारीरिक गतिविधियों का प्रदर्शन किया।
.
समता, पद विन्यास, नियुद्ध, पिरामिड, दंड संचालन, मंडल समता और घोष कार्यक्रम का मनोरम दृश्य देखने बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए। इस अवसर पर RSS मालवा प्रांत के प्रचार प्रमुख जयशंकर शर्मा ने अपने विचार साझा किए।
स्वयं सेवकों ने किया शारीरिक गतिविधियों का प्रदर्शन।
शर्मा ने कहा कि वसुधैव कुटुंबकम की भावना हमारी महान संस्कृति का आधार है। उन्होंने स्वयंसेवकों से डॉ. हेडगेवार के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि 1925 में संघ की स्थापना के समय देश में देशभक्ति का भाव कम था। समाज कई वर्णों में बंटा हुआ था।
नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास का ज्ञान नहीं था। डॉ. हेडगेवार ने इन चुनौतियों को देखते हुए संघ की स्थापना की। उनका उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित कर देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाना था।
स्कूल मैदान पर सैकड़ों स्वयं सेवक हुए शामिल।
शर्मा ने कहा कि संघ की कार्यपद्धति को शाखा पद्धति कहा जाता है। इसमें गीत, व्यायाम, दंड संचालन और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवक देश भक्ति से प्रेरित होकर समाज हित के लिए काम करते हैं। संघ का मानना है कि जब कदम मिलते हैं, तो मन भी मिलते हैं।