पानीपत के सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए लाया गया महिला का शव।
हरियाणा के पानीपत में एक लिव-इन पार्टनर ने महिला की हत्या कर दी। वारदात का खुलासा महिला की 5 साल की बेटी ने किया। वह रोते हुए पड़ोस में रहने वाले नाना के पास गई और कहा कि अंकल ने मम्मी को मारा है और वह उठ नहीं रही है।
.
यह सुनते ही पिता तुरंत दौड़ कर बेटी के कमरे में गए। वहां उन्होंने चारपाई पर महिला को मृत पड़ा देखा। हत्या की खबर सुनते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। मृतका के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी का 2 महीने से किसी दूसरी महिला के साथ प्रेम संबंध चल रहा था, इसी बात को लेकर उनकी बेटी और आरोपी के बीच अक्सर झगड़ा रहता था।
वहीं, पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और आरोपी पर हत्या का मुकदमा भी दर्ज कर लिया है।
महिला के शव को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन।
तीन बच्चों की मां थी मृतका मृतका के पिता मोती लाल ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार के गोपालगंज जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने अपनी 30 वर्षीय बेटी सरोज देवी की शादी करीब 10 साल पहले बिहार के रहने वाले ओम प्रकाश राम के साथ की थी। शादी के बाद वह 3 बच्चों की मां है। तीनों ही बेटियां हैं, जिनमें से बड़ी बेटी 10 साल की है। मंझली बेटी 5 साल और सबसे छोटी बेटी साढ़े 3 साल की है।
पिता ने बताया कि वह पानीपत में डाडौला रोड स्थित एक कंपनी में काम करते हैं। करीब 3 साल पहले उसकी बेटी सरोज को बिहार से संदीप नाम का युवक भगा लाया था। इसके बाद वे दोनों यहां डाडौला रोड स्थित लेबर क्वार्टर में रह रहे थे। इसके बाद वह भी उसके पड़ोस में रहने लगे। यहां उनके साथ मंझली व छोटी बेटी भी रहती हैं।
महिला के गले पर निशान है। इसलिए, परिजनों का कहना है कि सरोज की हत्या गला दबाकर की गई है।
मृतका के गले पर निशान पिता का कहना है कि शनिवार सुबह मंझली बेटी रोते हुए मेरे कमरे में आई। उसने बताया कि संदीप अंकल ने मम्मी को रात को खूब पीटा। अब मम्मी उठ नहीं रही है। यह सुनकर मैं बेटी के कमरे तक दौड़ कर पहुंचा। वहां देखा कि चारपाई पर बेटी मृत पड़ी हुई है।
सरोज की बेटी ने बताया कि अंकल ने मम्मी का गला दबाया था। इसके बाद जब उसका गला देखा तो उसके गले पर निशान थे। वहीं, आरोपी मौके से फरार मिला।
मृतका के पिता मोती लाल मामले की जानकारी देते हुए।
3 दिन से झगड़ रहे थे दोनों मृतका के मौसा बच्चा राम ने बताया है कि उन्हें फोन कर मामले की सूचना दी गई थी। जब वह मौके पर पहुंचे तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। बच्चा राम बताते हैं कि मृतका का आरोपी युवक के साथ किसी बात को लेकर 3 दिन से झगड़ा चल रहा था।
दोनों के बीच गाली-गलौज हो रही थी। आरोपी युवक सरोज के साथ मारपीट भी कर रहा था। अब सरोज मृत अवस्था में पाई गई है, और युवक फरार है। वह पानीपत के काबड़ी गांव का रहने वाला है।
SI बोले- आरोपी के पीछे लगी है CIA टीम जांच अधिकारी SI अनिल कुमार ने इस पूरे मामले में जानकारी देते हुए बताया कि आज सुबह सूचना मिली थी कि एक महिला की उसके पति ने गला दबाकर हत्या कर दी है। मौके पर पहुंचे तो मृतका की मां ने बताया कि आरोपी हत्या करने के बाद फरार हो गया है। आगे और पूछताछ की गई तो पता चला की दोनों 4 साल से लिव-इन में रह रहे थे। आरोपी पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। CIA की टीमें आरोपी की तलाश में लगी हुई हैं।