कोंडागांव के केशकाल घाटी के 8वें मोड़ पर एक ट्रेलर पलट गया। शनिवार सुबह हुए इस हादसे से नेशनल हाईवे 30 पर 4 घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना के बाद केशकाल पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
.
ट्रेलर को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। घाट के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं थी। यातायात को सामान्य करने में करीब 3 से 4 घंटे का समय लगा। इस दौरान लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
लोग साइड से अपनी गाड़ी निकालकर जाते रहे।
बायपास मार्ग नहीं होने से समस्या
केशकाल और कोंडागांव में बायपास मार्ग नहीं होने से यह समस्या बार-बार सामने आ रही है। ये दोनों कस्बे बस्तर की जीवनरेखा कहे जाने वाले इस राजमार्ग पर स्थित हैं। भारी वाहनों के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बायपास मार्ग नहीं बनने तक जाम और हादसे की समस्या बनी रहेगी। भारी वाहनों की आवाजाही से सड़कें जल्दी खराब हो जाती हैं। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
बायपास निर्माण की मांग
स्थानीय लोग और सामाजिक संगठन अब बायपास निर्माण की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार को इस ओर तुरंत ध्यान देना चाहिए। प्रशासन को स्थायी समाधान के लिए कदम उठाने होंगे।