रविकांत सिंह | चंदौली3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
चंदौली जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के पिपरी गांव में सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है। गांव के रास्ते जर्जर हैं। नालियों का निर्माण नहीं हुआ है। पात्र लोगों को आवास भी नहीं मिला है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधान विकास कार्यों को लेकर टालमटोल करते हैं।
बरसात में कच्चे रास्तों में पानी भर जाता है। इससे बीमारियां फैलने का खतरा रहता है। लोगों के फिसलने की घटनाएं भी होती हैं। ग्रामीण रुक्मनी ने बताया कि प्रधान के चार साल के कार्यकाल में भी उन्हें आवास स्वीकृत नहीं हुआ। उनका मिट्टी का घर जर्जर है। खरपत्ती देवी ने कहा कि गांव में सफाई कर्मी कभी नहीं आता। कई लोग कच्चे मकान और झोपड़ियों में रहने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने रास्तों के निर्माण में फर्जीवाड़े का आरोप भी लगाया है। गांव के सोनू के अनुसार गलियों में नाबदान का पानी बह रहा है। सफाई कर्मी नियमित नहीं आते। ग्राम प्रधान स्वच्छता को प्राथमिकता नहीं दे रहे हैं। डीपीआरओ नीरज सिन्हा ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सफाई कर्मियों का रोस्टर बनाकर गांव की सफाई कराई जाएगी।