मोतिहारी में गुरुवार की देर रात 11 बजे डबल मर्डर हुआ है। यहां प्रेमी-प्रेमिका की हथौड़े से सिर पर मारकर हत्या कर दी गई है। लड़का अपनी लवर से मिलने उसके घर गया था। लड़की के भाई ने दोनों को एक साथ एक कमरे में देख लिया। इसके बाद गुस्से में आकर आरोपी भाई
.
पुलिस ने प्रेमिका के भाई अमन कुमार को मुख्य आरोपी मानते हुए गिरफ्तार कर लिया है। घटना केसरिया थाना क्षेत्र के त्रिलोकवा गांव की है। मृतक की पहचान विकास कुमार(24) और प्रिया कुमारी(22) के रूप में हुई है। घटनास्थल पर FSL की टीम भी पहुंच चुकी है। साक्ष्य जुटाकर जांच में जुट गई है।
10 बजे बेटे के मोबाइल पर आया था फोन
घटना के बारे में जानकारी देते हुए मृतक विकास की मां ने बताया कि गुरुवार की रात 10 बजे के करीब हमलोग खाना खा रहे थे। मेरे बगल में विकास बैठा था। उसके फोन पर एक कॉल आया।उसने फोन रखते ही हमसे कहा कि मां मैं प्रिया से मिलने जा रहा हूं।
3 साल से था रिलेशन
3 साल से दोनों के बीच प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों अक्सर मिला करते थे। मुझे और लड़की के घरवालों को दोनों के रिलेशन के बारे में पता था। इस वजह से मैं भी नहीं रोकी। मैंने सिर्फ कहा- जल्दी आना, बारिश बहुत तेज हो रही है।
घटना से पहले बेटे ने मुझे किया था फोन
लगभग एक घंटे बाद मुझे विकास का फोन आया। उसने घबराते हुए कहा ‘मां, मुझे प्रिया के घरवालों ने एक कमरे में बंद कर दिया है, भैया को भेजकर मुझे बचा लो।’ इसके बाद से उसका फोन बंद हो गया। सुबह में जब खबर आई तो पता चला कि प्रिया के पिता और भाई ने मिलकर उसकी हत्या कर दी है।
2 KM की दूरी पर था घर
विकास का घर प्रिया के गांव से लगभग 2 KM की दूरी पर था। रास्ते में आने-जाने के दौरान दोनों के बीच साल 2022 में बातचीत शुरू हुई। दोनों ने अपना मोबाइल नंबर एक्सचेंज किया। इसके बाद धीरे-धीरे दोनों के बीच कॉल पर लंबी बातें होने लगी। मुलाकात के करीब 6 महीने बाद दोनों के बीच प्यार बढ़ गया और फिर ये लोग रिलेशन में आ गए।
2024 में प्रिया के घरवालों को हुई थी जानकारी
विकास अक्सर प्रिया से मिलने उसके गांव आ करता था। 2024 में प्रिया के घरवालों को इसकी जानकारी हो गई। उन्होंने विकास के कमर में पिस्टल देखा, जिसके बाद उसके घरवाले डर गए। उन्होंने जब विकास के बारे में पता लगाया तो उन्हें जानकारी मिली की विकास आम्स एक्ट में अपराधी है।
उन्होंने प्रिया को बहुत समझाने की कोशिश की। विकास के बारे में सब कुछ बताया कि उसके ऊपर कई मामले दर्ज हैं। वो अपराध किस्म का इंसान है, लेकिन प्रिया नहीं मानी। दोनों ने शादी करने की ठानी थी। विकास भी अपने आपराधिक रुतबे के कारण किसी की बात मानने को तैयार नहीं था।
कई बार आर्म्स एक्ट में विकास जा चुका है जेल
चकिया SDPO सतेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रेमिका के भाई अमन को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।सभी एंगल पर काम किया जा रहा है। लवर विकास कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है। वह आर्म्स एक्ट के मामले में 2022, 2024 में जेल भी जा चुका है। दो महीने पहले फरवरी में जमानत पर रिहा हुआ था।