- Hindi News
- National
- IMD Weather Update; Rajasthan MP Rainfall Heat Wave Alert | UP Rajasthan Heat Wave
नई दिल्ली1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
तमिलनाडु के तिरुनेलवेल्ली जिले में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण अरुलमिगु शिवसैलानाथर मंदिर में रथ उत्सव में रुकावट आई।
मौसम विभाग ने सोमवार को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत 22 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। झारखंड के कुछ इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं, जबकि ओडिशा में बिजली गिरने की आशंका है। तेलंगाना के कुछ इलाकों में हीटवेव और गुजरात में उमस भरी गर्मी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार इस हफ्ते पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और जम्मू एवं कश्मीर के तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, सोमवार से राजस्थान के पश्चिमी जिलों में हीटवेव का नया दौर शुरू होगा।
इससे तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी इलाकों में भीषण लू चलने की आशंका है। इस दौरान पाकिस्तान बॉर्डर के पास वाले इलाकों का तापमान 46 डिग्री तक जा सकता है।
अगले कुछ दिनों तक मौसम अधिकतर शुष्क रहने की संभावना है। 17-18 अप्रैल को राज्य के कुछ इलाकों में आंधी आ सकती है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर के लोगों को फिर से 40 डिग्री की गर्मी का सामना करना होगा। बीते दिनों आंधी-बारिश से तापमान गिर गया था।
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को तापमान 39 डिग्री के आसपास रहेगा जबकि मंगलवार को 40 डिग्री के पार पहुंच जाएगा। 16 से 18 अप्रैल तक दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी हो सकती है। मौसम विभाग ने इन तीन दिनों तक हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान 41 डिग्री तक रह सकता है।
15 साल में दूसरी बार अप्रैल में लू के थपेड़े मौसम विभाग के अनुसार, बीते 15 साल में यह दूसरा मौका है जब अप्रैल में ही दिल्ली के लोग लू का सामना कर रहे हैं। दिल्ली में साल 2011 के बाद 2022 में 8 से 11 अप्रैल तक लू चली थी। इस बार दिल्ली-एनसीआर में अप्रैल में लोगों को भयंकर गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
इस साल 8 अप्रैल को अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया था। यह सामान्य से 0.2 डिग्री ज्यादा था।
पारा 40 डिग्री के पार जाने पर बनती है लू की स्थिति मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर है या सामान्य से 4.5 डिग्री ज्यादा है तो उसे लू की स्थिति माना जाता है। सामान्य से 6.5 डिग्री ज्यादा तापमान होने पर गंभीर लू की स्थिति (सीवियर हीट वेव) मानी जाती है। अभी तक अधिकतम तापमान कई बार सामान्य से 4.5 डिग्री से ऊपर जा चुका है।
राज्यों के मौसम की तस्वीरें…
तमिलनाडु के तिरुनेलवेल्ली जिले में रविवार को भारी बारिश की वजह से एक शिव मंदिर के सालाना कार्यक्रम में रुकावट आई।
महाराष्ट्र के पुणे में रविवार को तेज बारिश हुई।
असम की राजधानी गुवाहाटी में रविवार को भारी बारिश की वजह से पानी सड़कों पर भर गया।
गुवाहाटी के चांदमारी इलाके में रविवार को लंबा जाम लग गया।
गुवाहाटी के गांधी बस्ती इलाके के घरों और दुकानों में बारिश का पानी घुस गया।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भी रविवार को हल्की बारिश हुई।
अब राज्यों के मौसम का हाल…
राजस्थान: आंधी-बारिश से 2 की मौत, अलवर में बिजली गिरने से महिला ने दम तोड़ा, सिरोही में पेड़ के नीचे दबी; जयपुर-सीकर में बारिश
राजस्थान में खराब मौसम के चलते 2 लोगों की मौत हो गई। शनिवार (12 अप्रैल) अलवर में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से खेत में काम कर रही एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग झुलस गए। घायलों को टहला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं सिरोही में शुक्रवार देर रात तेज आंधी के दौरान पेड़ गिरने से एक महिला की जान चली गई। पूरी खबर पढ़ें…
मध्य प्रदेश: 16 अप्रैल से लू का अलर्ट, उज्जैन-ग्वालियर संभाग फिर तपेंगे; भोपाल, इंदौर-जबलपुर में भी रहेगी तेज गर्मी
मध्यप्रदेश में 16 अप्रैल से फिर लू यानी, हीट वेव चलेगी। इससे पहले हल्की बारिश और आंधी का दौर चलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को धार, इंदौर समेत एक दर्जन से ज्यादा जिलों में हल्की बारिश हुई। कुछ जिलों में ओले भी गिरे। पूरी खबर पढ़ें…
उत्तर प्रदेश: अगले 24 घंटे सक्रिय रहेगा मानसून, 47 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट, बांदा में पारा 40 के पार
यूपी में अगले 24 घंटे तक 47 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। बिजली के साथ ओले भी गिरने की आशंका है। पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बादल छाए हैं। देर कुछ जिलों में ओले भी गिरे 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। पिछले 48 घंटे से वेस्ट यूपी का मौसम बदला हुआ है। पूरी खबर पढ़ें…
बिहार: पटना समेत 24 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, 50KM की रफ्तार से चलेगी हवा, 13 जिलों में सामान्य रहेगा मौसम
आज यानी रविवार को पटना समेत 24 जिलों में आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट है। इन जिलों में 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने पटना के अलावा उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में तेज आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, प्रदेश के 13 जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। पूरी खबर पढ़ें…
हिमाचल प्रदेश: शिकारी देवी और चांशल में बर्फबारी, सोलन-शिमला में बारिश, दिन में छाया अंधेरा, 7 जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के मंडी की शिकारी देवी और शिमला के चांशल में ताज़ा बर्फबारी हुई है। इससे ठंड में इजाफा हुआ है। वहीं सोलन जिले में दोपहर में तेज बारिश हुई। इससे शहर की सड़कें जलमग्न हो गईं। शिमला में भी दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी के बाद मौसम सुहावना हो गया है। इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 7 जिलों में आंधी, आसमानी बिजली गिरने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। पूरी खबर पढ़ें…
पंजाब: बारिश के बाद तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी, 16-17 को हीटवेव का अलर्ट, 40 के पार होगा पारा; 18 से बारिश के आसार
पंजाब में बारिश से हल्की राहत के बाद अब तापमान में दोबारा बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बीते 24 घंटों में राज्य में अधिकतम तापमान में औसतन 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि तापमान अब भी सामान्य के आसपास बना हुआ है, जिससे भीषण गर्मी जैसी स्थिति अभी देखने को नहीं मिल रही, लेकिन 16 अप्रैल से हीट-वेव (लू) का दूसरा दौर शुरू हो रहा है। जबकि 18 अप्रैल को फिर से बारिश के आसार बन रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें…
हरियाणा: आज साफ रहेगा मौसम, बारिश से ठंडा हुआ मौसम, सामान्य से 1.9 डिग्री नीचे पहुंचा तापमान
हरियाणा में दो-तीन दिन के दौरान हुई बरसात का असर मौसम पर दिखाई दे रहा है। जिसके चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। 42 डिग्री से पार पहुंच चुका हरियाणा का अधिकतम तापमान अब करीब 6 डिग्री की गिरावट के साथ 36.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। पूरी खबर पढ़ें…