- Hindi News
- Mahakumbh
- Mahakumbh LIVE Updates Prayagraj Kumbh Mela Sangam Snan Photo Videos Yogi Adityanath
प्रयागराज1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
महाकुंभ का आज 14वां दिन है। रविवार की छुट्टी होने के चलते महाकुंभ में खचाखच भीड़ है। संगम पर इतनी भीड़ है कि डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालुओं को दो-दो घंटे इंतजार करना पड़ रहा है। प्रशासन के मुताबिक, दोपहर 2 बजे तक मेला क्षेत्र में 1 करोड़ श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। अभी भी करीब 20-25 लाख लोग संगम क्षेत्र में हैं।
वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी संगम में डुबकी लगाई। पीलीभीत के भाजपा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद निर्मल अखाड़े के महामंडलेश्वर बनाए गए। उनका आज पट्टाभिषेक हुआ। इस समय प्रवक्तानंद खमरिया स्थित अक्रिय धाम के पीठाधीश्वर हैं।
पुलिस लगातार श्रद्धालुओं से दूसरों घाटों में स्नान करने की अपील कर रही है। लेटे हनुमान मंदिर के बाहर करीब 1 लाख श्रद्धालु लाइन में लगे हैं।
प्रयागराज में बाहर से आने वाली सभी गाड़ियों को संगम से 10-12 किमी पहले ही रोक दिया जा रहा है। वहां से ई-रिक्शा और शटल बस से लोग आ रहे हैं, लेकिन यह गाड़ियां भी 5-6 किमी पहले रुक जा रही हैं। यानी, श्रद्धालुओं को 5-6 किमी पैदल चलना पड़ रहा है।
प्रयागराज जंक्शन से संगम तक गाड़ियां बंद हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशन पहुंच रहे लोगों को 10-12 किमी तक पैदल चलना पड़ रहा है। कल गृहमंत्री अमित शाह का कार्यक्रम है। वह 5 घंटे प्रयागराज में रहेंगे।
महाकुंभ से जुड़ी 3 तस्वीरें
महाकुंभ में पीलीभीत के भाजपा विधायक को महामंडलेश्वर की पदवी दी गई।
रविवार की छुट्टी के चलते महाकुंभ में खचाखच भीड़ है। सभी एंट्री पॉइंट पर जाम लगा है।
महाकुंभ में गणतंत्र दिवस पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने बालकदास महाराज के साथ तिरंगा फहराया।
एक्टर रेमो डिसूजा भी चुपचाप महाकुंभ पहुंचे। चेहरा ढककर पत्नी के साथ कुंभ का भ्रमण किया। संगम में डुबकी लगाई। नाव की सवारी की। पक्षियों को दाना खिलाया।
ऐसे समझिए ट्रैफिक प्लान आप लखनऊ, सुल्तानपुर और प्रतापगढ़ की ओर से आ रहे हैं तो आपको बेला कछार में रोक दिया जाएगा। जौनपुर से आ रहे हैं तो सहसो, वाराणसी की तरफ से आ रहे हैं तो अंदावा में रोका जाएगा। रीवा, चित्रकूट, मिर्जापुर की तरफ से आ रहे हैं तो नैनी में ही रोक दिया जाएगा। इन जगहों से संगम 10-12 किमी दूर है।
टैक्सी, ऑटो या शटल बस अगर मिल गई तो मेला से 5-7 किमी पहले ही उतार रही है। फिर आगे पैदल जाना पड़ रहा है। भीड़ की वजह से 500 मीटर की दूरी तय करने में घंटेभर का समय लग रहा है।
महाकुंभ से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
09:37 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
रास्ते में भीड़ इतनी कि लोग बैरिकेडिंग तोड़कर बाहर निकल रहे
ये वीडियो शंकर विमान मंडपम के सामने प्रशासनिक कार्यालय को जाने वाले रूट का है। रास्ते में इतनी भीड़ है कि लोग बैरिकेडिंग तोड़कर बाहर निकल रहे हैं।
09:31 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
अखिलेश यादव महाकुंभ पहुंचे, संगम में 11 बार डुबकी लगाई
सपा प्रमुख अखिलेश यादव रविवार को महाकुंभ पहुंचे। संगम में उन्होंने स्नान किया। मीडिया से बातचीत में अखिलेश ने कहा- मैंने 11 डुबकी लगाई हैं। उनके साथ सपा नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद थे। संगम में स्नान करते समय अखिलेश यादव को चारों तरफ से सपा नेताओं ने घेर लिया था। जल पुलिस भी रस्सी का घेरा बनाकर सुरक्षा में मुस्तैद दिखी। स्नान के बाद अखिलेश ने सूर्य को अर्घ्य भी दिया। पढ़ें पूरी खबर…
08:23 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
निर्मल अखाड़े में महामंडलेश्वर बने भाजपा विधायक
पीलीभीत के भाजपा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद निर्मल अखाड़े के महामंडलेश्वर बनाए गए। उनका आज पट्टाभिषेक हुआ। इस समय प्रवक्तानंद खमरिया स्थित अक्रिय धाम के पीठाधीश्वर हैं। 2003 में उन्होंने गुरु स्वामी अलखानंद से दीक्षा ली थी। स्वामी प्रवक्तानंद पीलीभीत की बरखेड़ा विधानसभा सीट से विधायक हैं। पढ़ें पूरी खबर…
07:27 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
अखिलेश यादव प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचे
सपा प्रमुख अखिलेश यादव प्रयागराज पहुंचे हैं। बमरौली एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
07:16 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
कर्तव्य पथ पर महाकुंभ की थीम पर यूपी की झांकी निकली
नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर महाकुंभ की थीम पर यूपी की झांकी निकाली गई। इस देखकर हर कोई भक्ति के रंग में रंगता दिखा। बैकग्राउंड में स्वर्गलोक की आभा उतरी तीर्थराज के आंगन में। झूम रहे हैं साधु-संत जन, पुलक भरा है तन-मन में…सॉन्ग बज रहा था।
06:47 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
मेले में गाड़ी खराब हुई तो मैकेनिक नहीं मिल रहे
BSF जवानों की जिप्सी खराब हुई। इस वजह से सेक्टर-19 में मोरी मार्ग चौराहा पर भीषण जाम लग गया। BSF के जवानों ने किसी तरह धक्का मारकर खराब जिप्सी को साइड में लगाया। दरअसल, पूरे मेला क्षेत्र में ऑटोमोबाइल मैकेनिक के कोई इंतजाम नहीं हैं। इसलिए वाहन खराब होने पर रोजाना दिक्कतें आ रही हैं।
06:32 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
छपरा के नंद कुमार बिना दर्शन किए हनुमान मंदिर से लौट गए
लेटे हनुमान मंदिर आए छपरा के नंद कुमार सिंह ने कहा- भीड़ इतनी है कि हम लोग हनुमान जी का दर्शन नहीं कर पाए। अब वापस जा रहे हैं। हनुमान मंदिर के आसपास करीब 1 लाख श्रद्धालुओं की भीड़ है। प्रशासन जल्दी सबको दर्शन करवाकर बाहर कर रहा है। मौके पर 200 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं।
सामान्य दिनों में हनुमान मंदिर के बाहर जो लड्डू 160 रुपए किलो में बिकता है, वह इस वक्त 280 रुपए किलो हो गया है। मंदिर से जुड़ी जो दुकानें हैं उनके लड्डू का रेट 200 रुपए किलो है।
06:27 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
रवींद्रपुरी महाराज बोले- जहां गंगाजी दिखें वहीं स्नान कर लें
अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्रपुरी महाराज ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि महाकुंभ में आज बहुत भीड़ हो रही है। आज हम सुबह आ रहे थे तो दारागंज से संगम पहुंचने में 2 घंटे से ज्यादा समय लग गया। सिर्फ संगम में स्नान से पुण्य नहीं मिलता, प्रयागराज में जहां-जहां गंगाजी हैं, वहीं स्नान कर लें। संगम आने से बचें।
05:57 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
कल महाकुंभ में अमित शाह 5 घंटे रहेंगे
गृहमंत्री अमित शाह कल सोमवार को 5 घंटे महाकुंभ में रहेंगे। दिल्ली से वह 11.25 बजे बमरौली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से BSF के हेलिकॉप्टर से 11.50 बजे DPS स्थित हेलिपैड पहुंचेंगे। DPS से कार से 12 बजे अरैल घाट पहुंचेंगे। फिर अरैल घाट से स्टीमर पर सवार होंगे और जल मार्ग से संगम पहुंचेंगे। यहां दोपहर करीब 1 बजे स्नान करेंगे। फिर संगम से स्टीमर पर सवार होकर किला घाट पहुंचेंगे। यहां से कार द्वारा अभयवट दोपहर 1.20 बजे पहुंचेंगे। फिर 1.45 बजे जूना अखाड़ा पहुंचेंगे और साधु-संतों से मुलाकात और भोजन करेंगे। जूना अखाड़े में डेढ़ घंटे यानी 3.15 बजे तक अमित शाह रहेंगे। इसके बाद दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
05:24 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
लेटे हनुमान मंदिर के बाहर जूते-चप्पलों का ढेर लगा
लेटे हनुमान मंदिर पर इस वक्त 1 लाख से ज्यादा लोग दर्शन के इंतजार में बाहर खड़े हैं। इन्हें लाइन से बैरिकेडिंग के बीच प्रवेश दिया जा रहा है। निकलने के लिए अलग बैरिकेडिंग की गई है। जो लोग अपना जूता-चप्पल उतार कर मंदिर में जा रहें, वापस आने पर उन्हें नहीं मिल रहे हैं। ढेर में लोग अपने जूते-चप्पल ढूंढ रहे हैं।
04:55 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
नावों के संचालन पर रोक लगी
संडे के दिन श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए आज किला और VIP घाट से नावों के संचालन पर रोक लगा दी गई है। किला और VIP घाट श्रद्धालु पहुंच रहें तो उन्हें पैदल ही संगम के लिए जाना पड़ रहा है।
04:50 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
गणतंत्र दिवस पर संतों ने तिरंगा फहराया
मोरारी बापू, स्वामी चिदानंद सरस्वती, साध्वी भगवती सरस्वती ने महाकुंभ में गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया।
04:47 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
10 से 12 किमी पहले आपकी गाड़ी रोक दी जाएगी
संडे पर भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस सख्त है। अगर आप अपने वाहन से लखनऊ, सुल्तानपुर और प्रतापगढ़ की ओर से महाकुंभ आ रहे हैं तो आपको बेला कछार में रोक दिया जाएगा। अगर जौनपुर से आ रहे हैं तो सहसों में रोक दिया जाएगा। वाराणसी की तरफ से आ रहे हैं तो अंदावा में रोक दिया जाएगा। रीवा, चित्रकूट, मिर्जापुर की तरफ से आ रहे हैं तो आपको नैनी साइड ही रोक दिया जाएगा। इन जगहों से संगम की दूरी 10 से 12 किमी है। यहां से टैक्सी-रिक्शा तो चल रहे हैं, लेकिन करीब 5-7 किमी पहले ही टैक्सी रोक दी जा रही है। यहां से आपको पैदल जाना पड़ेगा।
04:38 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
भीड़ इतनी कि संगम पर न आने की अपील
महाकुंभ मेला क्षेत्र में एंट्री गेट से कई किमी अंदर और बाहर तक पैर रखने तक की जगह नहीं है। संडे की छुट्टी पर जबरदस्त भीड़ है। श्रद्धालुओं से अपील कि जा रही कि संगम कि तरफ न आएं। संगम श्रद्धालुओं से भर गया है। दूसरे घाटों पर स्नान के लिए जाएं। जो वाराणसी कि तरफ से आ रहें, वह झूंसी के ऐरावत घाट पर स्नान करके लौट जाएं। मिर्जापुर कि तरफ से आ रहे श्रद्धालु अरैल में स्नान करके लौट जाएं।
04:24 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
संगम से रिपोर्टर राजेश साहू अपडेट दे रहें
03:50 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
अखिलेश यादव आज महाकुंभ जाएंगे
सपा प्रमुख अखिलेश यादव आज प्रयागराज जाएंगे। वह लखनऊ से चार्टर्ड प्लेन से सुबह 11 बजे रवाना होंगे। बताया जा रहा है कि वह संगम में डुबकी भी लगाएंगे। अखिलेश के संगम जाने के कार्यक्रम के बारे में पार्टी की तरफ से कोई ऑफिशियल जानकारी नहीं दी गई है।
03:20 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
प्रयागराज में श्रद्धालुओं का हुजूम, ड्रोन VIDEO
03:08 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
काले कपड़े से चेहरा ढककर संगम पहुंचे रेमो डिसूजा
बॉलीवुड एक्टर, कोरियोग्राफर और डायरेक्टर रेमो डिसूजा शनिवार को महाकुंभ पहुंचे। वह मुंह को पूरी तरह काले कपड़े से ढके थे। पहली नजर में उन्हें कोई पहचान नहीं सका। गंगा किनारे सीढ़ियों पर एक महिला बगल से गुजरी तो उन्हें शक हो गया। महिला ने रेमो डिसूजा को रोकना चाहा, लेकिन वह आगे बढ़ गए। रेमो डिसूजा हाथ में एक बैग टांगे और काला कपड़ा पहने संगम पहुंचे थे। वीडियो में पूरे महाकुंभ का नजारा लोगों को दिखाया। पढ़ें पूरी खबर…
03:05 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
निर्मल अखाड़े में महामंडलेश्वर बनेंगे BJP विधायक
पीलीभीत के भाजपा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद को आज निर्मल अखाड़े का महामंडलेश्वर बनाया जाएगा। उनका पट्टाभिषेक होगा। इस समय प्रवक्तानंद खमरिया स्थित अक्रिय धाम के पीठाधीश्वर हैं। 2003 में उन्होंने गुरु स्वामी अलखानंद ने दीक्षा ली थी। स्वामी प्रवक्तानंद पीलीभीत की बरखेड़ा विधानसभा सीट से विधायक हैं। पढ़ें पूरी खबर…
02:59 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
महाकुंभ में भीड़ बढ़ रही
01:44 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
महाकुंभ के मौसम का पूर्वानुमान
01:43 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
चेहरे से पांव तक सिर्फ राम-राम, मुगलों ने मंदिर तोड़े, तब से ऐसा ही रहा जीवन
महाकुंभ नगर के सेक्टर-18 में 43 श्रद्धालुओं का जत्था सभी को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। चेहरे और हाथों पर राम-राम का गोदना करवाए महिलाएं भी इनमें शामिल हैं। इनके कैंप से 24 घंटे राम-राम की धुन सुनाई देती है। धर्म की रक्षा के लिए इन्होंने यह परंपरा अपनाई। मंदिर-मूर्ति और पूजा स्थल सुरक्षित नहीं रहे, तब 200 साल पहले छत्तीसगढ़ के पिरदा गांव में जा बसे और बस यहीं से राम नाम पंथ परंपरा की नींव पड़ी। पढ़ें पूरी खबर…
01:39 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर बनाने पर विवाद, शांभवी पीठाधीश्वर ने कहा- कुंभ का मजाक बना
अभिनेत्री ममता कुलकर्णी के किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर बनने पर विवाद हो गया है। कई संत नाराज हैं। शांभवी पीठ के पीठाधीश्वर श्री स्वामी आनंद स्वरूप महाराज ने कहा- किन्नर अखाड़े को मान्यता देकर पिछले कुंभ में महापाप हुआ था। कुंभ का मजाक बनाने का प्रयास हो रहा है। ममता का नाम बहुत बड़ा है। ये लोग उसके नाम पर व्यापार करेंगे। ममता का विषय बहुत घातक और धर्म के खिलाफ है। पढ़ें पूरी खबर…
01:34 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
गणतंत्र दिवस पर DGP ने सख्ती के आदेश दिए
DGP प्रशांत कुमार ने महाकुंभ और गणतंत्र दिवस को लेकर कड़ी सुरक्षा के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राज्य और जिलों के सभी एंट्री रूट पर कड़ाई से चेकिंग करने के साथ ही सभी CCTV को एक्टिव करने के निर्देश दिए हैं। DGP ने कहा- छोटी-छोटी सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करें।
प्रतिबंधित और आतंकवादी संगठनों से जुड़ी हर एक्टिविटी पर नजर बनाए रखें। सोशल मीडिया टीम 24 घंटे सक्रिय रहे। आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट का तत्काल कार्रवाई करे। महाकुंभ आने वाले श्रद्धालुओं के रूट पर पर्याप्त सुरक्षा रखें।
01:33 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
अमेरिका से पहुंचे पॉपकॉर्न बाबा
अमेरिका से आए गैरी श्वार्ट्ज ने कहा- यह मेरा तीसरा महाकुंभ है। लोग मुझे पॉपकॉर्न बाबा कहते हैं। महाकुंभ शानदार है। यह दुनिया का सबसे अच्छा आयोजन है। मैं संगम स्नान के लिए इंतजार नहीं कर सकता।
01:32 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
भीड़ को देखते हुए 3 फरवरी तक स्कूल बंद
कुंभ में जबरदस्त भीड़ को देखते हुए प्रयागराज के शहरी क्षेत्र में 25 जनवरी से 3 फरवरी तक कक्षा- 8 तक के सभी स्कूलों को बंद कर दिया है। बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाया जाएगा।
01:32 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
कल अपर्णा यादव, सपना चौधरी और सुरेश रैना भी पहुंचे थे
शनिवार को भाजपा नेता अपर्णा यादव ने आयोग और पार्टी की महिला पदाधिकारियों के साथ संगम स्नान और पूजा की। हरियाणवी सिंगर सपना चौधरी भी महाकुंभ पहुंचीं। उन्होंने संगम में डुबकी लगाई। क्रिकेटर सुरेश रैना ने भी पत्नी प्रियंका और दोस्तों के साथ संगम में डुबकी लगाई।
ओलिंपिक पदक विजेता मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम देर शाम प्रयागराज पहुंचीं। उन्होंने कहा- इस कुंभ मेले का हिस्सा बनना मेरे लिए बहुत बड़ा पल है।
01:32 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
शनिवार को दो हादसे हुए थे
शनिवार सुबह किला घाट पर यमुना में एक नाव पलट गई। नाव में सवार 10 लोग यमुना में डूबने लगे। जल पुलिस ने लाइफ जैकेट और रिंग्स फेंककर सभी को बचाया। सुबह महाकुंभ क्षेत्र में सेक्टर-2 के पास दो गाड़ियों में अचानक आग लग गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।
01:31 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
DRM बोले- बनारस के लिए झूंसी, अयोध्या-लखनऊ के लिए प्रयाग जंक्शन जाएं
मौनी अमावस्या के मौके पर महाकुंभ मेले के लिए चलाई जा रही विशेष ट्रेनों पर DRM लखनऊ, सत्येंद्र मोहन शर्मा ने कहा- महाकुंभ मेले के लिए प्रयागराज जाने वाली विशेष ट्रेनें फरवरी के अंत तक चलेंगी। 48 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी, 11 नियमित विशेष ट्रेनें वर्तमान में कम दूरी अयोध्या, लखनऊ, जौनपुर और बनारस के लिए चल रही हैं। 4 ट्रेनें रिंग रेल के रूप में संचालित हैं, वे प्रयाग जंक्शन से शुरू होती हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि यदि वे बनारस जाना चाहते हैं, तो वे झूंसी रेलवे स्टेशन से जाएं। यदि वे अयोध्या, जौनपुर या लखनऊ जाना चाहते हैं, तो वे प्रयाग जंक्शन से ट्रेन पर बैठ सकते हैं।
01:31 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
भाजपा नेता माधवी लता बोलीं- महाकुंभ में व्यवस्थाएं अच्छी हैं
भाजपा नेता माधवी लता महाकुंभ पहुंचीं। उन्होंने कहा- यह विशेष पूर्ण महाकुंभ 144 साल में एक बार आता है। सनातन और हिंदू धर्म में यह बहुत बड़ी बात है कि यह हमेशा इंसान और बेहतर इंसान बनने का मौका देता है। यहां व्यवस्थाएं अच्छी हैं, क्योंकि CM योगी यहां हैं और वह महाकुंभ के महत्व को समझते हैं।
01:31 AM26 जनवरी 2025
- कॉपी लिंक
रक्षा खडसे बोलीं- AI की मदद से कई चीजें आसान हुईं
प्रयागराज पहुंचीं केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे ने कहा- यूपी सरकार ने यहां बेहतरीन व्यवस्था की है। इस बार कुंभ में तकनीक का खूब इस्तेमाल हुआ है। AI की मदद से यहां कई चीजें आसान हो गई हैं, जिसका फायदा सरकार को आयोजन के प्रबंधन और यहां आने वाले लोगों की सुविधा के लिए मिल रहा है।